गौरव गुप्ता
सीतापुर नैमिषारण्य संदेश महल
नैमिषारण्य क्षेत्र के रामशाला गांव के जंगल में सोमवार सुबह एक युवक का शव पेड़ से लटका मिला। मृतक की पहचान मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले के छोटे लाल शाह पुत्र समय लाल शाह के रूप में हुई है।
घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और जांच शुरू कर दी है। मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।
5 सितंबर को मजदूरी के लिए निकले थे छोटे लाल
मृतक के बेटे अवनीश शाह ने बताया कि उनके पिता 5 सितंबर को घर से यह कहकर निकले थे कि वह सिंगरौली मेले में मजदूरी के लिए जा रहे हैं। इसके बाद से परिजन उनका इंतजार कर रहे थे। सोमवार को अचानक मौत की खबर मिलने पर परिवार में कोहराम मच गया।
जयगुरुदेव आश्रम में सेवा के लिए आए थे युवक: पुलिस
वहीं पुलिस का कहना है कि छोटे लाल शाह नैमिषारण्य के जयगुरुदेव आश्रम में सेवा करने के उद्देश्य से आए थे। उनकी उपस्थिति आश्रम में दर्ज थी या नहीं, इस बात की भी जांच की जा रही है।
ग्रामीणों को पेड़ से लटका मिला शव
सोमवार सुबह गांव के कुछ लोग खेत की ओर जा रहे थे, तभी जंगल में एक पेड़ से शव लटका देख दंग रह गए। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई।
पुलिस को मौके से मिला मोबाइल और दस्तावेज
बेलहरी चौकी प्रभारी अनिल कुमार ने बताया कि मृतक के पास से मोबाइल और कुछ कागजात बरामद हुए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण स्पष्ट हो सकेंगे।
पुलिस बोली–हर एंगल से की जा रही जांच
चौकी प्रभारी ने बताया कि मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन हत्या या अन्य कारणों से इनकार नहीं किया जा सकता। सभी पहलुओं की जांच की जा रही है
परिजनों की मांग
परिजनों ने पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग की है और आशंका जताई है कि छोटे लाल की हत्या कर शव को पेड़ से लटकाया गया है।