सूरतगढ़ बाराबंकी संदेश महल
मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र के सुंदरनगर गांव के पास गुरुवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में हेतमापुर निवासी नईम (50) की मौत हो गई। नईम अपने बेटे की शादी की तैयारियों में जुटे थे और सूरतगंज बाजार से शादी का सामान लेकर ऑटो से घर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।
जानकारी के अनुसार, नईम के बेटे अरमान की शादी आगामी 18 नवम्बर को तय थी। परिवार में उत्साह का माहौल था। गुरुवार को नईम सूरतगंज बाजार में शादी का सामान खरीदने आए थे। देर शाम वह ऑटो से सामान लेकर हेतमापुर लौट रहे थे। जैसे ही ऑटो सुंदरनगर गांव के पास हेतमापुर तटबंध पर पहुंचा, वाहन अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसा इतना भीषण था कि नईम ऑटो के नीचे दब गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। साथ में बैठे साबिर और चालक बाल-बाल बच गए।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। चालक ऑटो वहीं छोड़कर फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। थोड़ी देर में लालपुर चौकी इंचार्ज मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू की।
थाना प्रभारी ने बताया कि दुर्घटना ऑटो के पलटने से हुई है। वाहन को कब्जे में ले लिया गया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है। घटना से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। बेटे की शादी की खुशियां कुछ ही दिनों में मातम में बदल गईं। खबर लिखे जाने तक शव पोस्टमार्टम के लिए नहीं भेजा गया था।