बाँदा संदेश महल समाचार
उत्तर प्रदेश के बाँदा जिले में तीन साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म और हत्या के जघन्य मामले में पॉक्सो कोर्ट ने ऐतिहासिक फैसला सुनाया है। महज तीन महीने के भीतर फास्ट ट्रैक कोर्ट ने आरोपी को दोषी करार देते हुए मृत्युदंड की सजा सुनाई है।
घटना के बाद प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया था और उसका घर बुलडोज़र से ढहा दिया गया था। कोर्ट की ओर से यह फैसला समाज में ऐसे अपराधों के खिलाफ कड़ा संदेश देने वाला माना जा रहा है।
पॉक्सो एक्ट के अंतर्गत सुनवाई करते हुए अदालत ने कहा कि यह मामला ‘दुर्लभ से दुर्लभतम’ श्रेणी में आता है और आरोपी किसी भी प्रकार की दया का पात्र नहीं है।
सरकारी अधिवक्ता कमल सिंह ने बताया कि, “यह निर्णय न्यायपालिका की संवेदनशीलता और तत्परता का प्रमाण है। तीन माह में सुनाया गया यह फैसला न केवल पीड़िता के परिजनों को न्याय दिलाने वाला है, बल्कि पूरे समाज के लिए भी उदाहरण बनेगा।
इस केस की त्वरित सुनवाई और फैसले के लिए प्रशासन, पुलिस और न्यायालय की कार्यप्रणाली की चारों ओर सराहना हो रही है। मामले में पॉक्सो अदालत की यह कार्यवाही न्यायिक इतिहास में एक मिसाल के रूप में देखी जा रही है।