कानपुर में फर्जी मतदाता सूची का खुलासा, 2 लाख से अधिक नाम दोहराए गए

कानपुर संदेश महल
पंचायत चुनावों से पहले कानपुर में बड़ी चूक सामने आई है। मतदाता सूची के पुनरीक्षण अभियान के दौरान जिले में 2 लाख 257 मतदाताओं के नाम संभावित डुप्लीकेट के रूप में दर्ज पाए गए हैं। इनमें कई मतदाताओं के नाम एक ही सूची में दो या अधिक बार शामिल हैं, जिससे फर्जी मतदान की आशंका गहराने लगी है।
निर्वाचन कार्यालय द्वारा तैयार की गई सूची में मतदाता का नाम, संबंधी का नाम, आयु, मतदान स्थल, मतदाता क्रमांक और विकासखंड की जानकारी शामिल है। सूची के प्रत्येक कॉलम में डुप्लीकेट प्रविष्टियों को स्पष्ट रूप से दर्शाया गया है।

सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी अजित पांडेय ने बताया कि,

प्रारंभिक जांच में 200257 मतदाता संभावित डुप्लीकेट के रूप में सामने आए हैं। इन नामों की बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) द्वारा घर-घर जाकर जांच की जा रही है। 29 सितंबर तक सत्यापन की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी।

प्रशासन का कहना है कि सत्यापन के बाद ही अंतिम मतदाता सूची जारी की जाएगी, ताकि किसी भी तरह की गड़बड़ी या फर्जीवाड़े की संभावना न रहे। आयोग ने सभी बीएलओ को सूची उपलब्ध करा दी है और निर्देश दिए हैं कि पूरी निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ कार्य किया जाए।