11 हजार वोल्ट की लाइन के शॉर्ट सर्किट से गन्ने की फसल जलकर खाक

ठाकुर प्रसाद
पिसावां सीतापुर संदेश महल
पिसावां क्षेत्र के ग्राम सेरवाडीह में हाई वोल्टेज विद्युत लाइन से हुए शॉर्ट सर्किट के कारण एक किसान की मेहनत की पूरी गन्ने की फसल आग की लपटों में समा गई। घटना ने ग्रामीणों में भारी आक्रोश और भय का माहौल पैदा कर दिया है।ग्राम सेरवाडीह निवासी किसान रामविलास पुत्र अर्जुन के खेत से होकर 11 हजार वोल्ट की लाइन गुजरती है। यह लाइन कई जगहों पर नीचे लटकी हुई है, जोकि फसलों से टच होती रहती है। किसान ने बताया कि वह पिछले कई महीनों से विद्युत विभाग के स्थानीय अधिकारियों और लाइनमैन को इसकी शिकायत करता आ रहा था कि तार खेतों में लटके हुए हैं और खतरा बना हुआ है। लेकिन विभाग की तरफ से कोई कार्रवाई नहीं की गई देर शाम अचानक तारों में शॉर्ट सर्किट हुआ। तारों से निकली चिंगारियाँ गन्ने की पत्तियों पर गिरीं और देखते ही देखते आग ने पूरी फसल को अपनी चपेट में ले लिया। ग्रामीणों ने जब खेत से धुआं उठता देखा, तो तत्काल मौके पर पहुंचे और बाल्टियों व डंडों की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।किसान रामविलास ने बताया कि यह फसल उनकी छह महीने की मेहनत और हजारों रुपये की लागत का नतीजा थी। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते विभाग ने तारों को कसवाया या लाइन को ऊँचा कराया होता तो यह हादसा टल सकता था।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि विभाग की लापरवाही के चलते यह नुकसान हुआ है। क्षेत्र के कई अन्य खेतों के ऊपर से भी 11 हजार वोल्ट की लाइनें निकली हैं, जो अत्यधिक झुकी हुई हैं। कई जगहों पर पोल पुराने और कमजोर हो चुके हैं। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र मरम्मत नहीं कराई गई तो वे विभागीय कार्यालय का घेराव करेंगे। इस संबंध में संवाददाता संदेश महल ने क्षेत्रीय जेई से जानकारी चाही तो बात न सुनते हुए उल्टे ही संवाददाता की जांच करने की धमकी दे डाली।