ग्वालियर संदेश महल
प्यार, झूठ और धोखे की एक दर्दनाक कहानी ग्वालियर से सामने आई है। यहां 36 वर्षीय शादीशुदा महिला ने खुद को 22 साल की कुंवारी बताकर 20 वर्षीय युवक को अपने प्रेमजाल में फंसा लिया। दोनों के बीच दो साल तक संबंध रहे। मगर जब युवक को सच्चाई पता चली कि उसकी प्रेमिका न सिर्फ शादीशुदा है, बल्कि चार बच्चों की मां भी है, तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई।
विवाद के बाद भी महिला युवक को ब्लैकमेल करने लगी और झूठे केस में फंसाने की धमकी देने लगी। लगातार मानसिक दबाव और ब्लैकमेलिंग से परेशान युवक ने 7 अक्टूबर को अपनी प्रेमिका के ही घर में फांसी लगाकर जान दे दी।
घटना ग्वालियर के गिरवाई थाना क्षेत्र की है। सिद्ध बाबा पहाड़ी की घटिया पर रहने वाला 20 वर्षीय जावेद पुत्र रफीक खान, जो टैक्सी चालक था, सुबह करीब 5 बजे जनकगंज स्थित काला सैय्यद गोल पहाड़िया में रहने वाली नगीना खान (36) के घर पहुंचा था। कुछ देर बाद नगीना ने उसे बेहोशी की हालत में जेएएच ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया। उसने डॉक्टरों को बताया कि जावेद उसके घर आया था और अचानक गिर पड़ा। लेकिन डॉक्टरों ने जांच में पाया कि युवक की मौत फांसी से हुई है, जिसके गले पर कसने के स्पष्ट निशान थे।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद सच्चाई सामने आई। पुलिस ने जब मृतक के परिजनों से पूछताछ की, तो उन्होंने बताया कि जावेद अपनी प्रेमिका नगीना के साथ अक्सर रहता था। घटना की रात उसने घर की सीढ़ियों के दरवाजे की लोहे की चौखट पर अपनी साफी से फंदा बनाकर फांसी लगा ली थी।
नगीना ने उसे फंदे से उतारा, साफी को छिपा दिया और चाकू आंगन में फेंक दिया ताकि घटना को सामान्य लगे। बाद में वह युवक को लेकर अस्पताल पहुंची और झूठी कहानी सुनाई।
जांच में सामने आया कि नगीना खान करीब एक साल पहले जावेद के मकान में किराए पर रहने आई थी। उसने जावेद को बताया कि वह 22 साल की कुंवारी है और उसके साथ जो बच्ची रहती है, वह उसकी बहन की बेटी है। जबकि हकीकत में नगीना की उम्र 36 साल है और वह चार बच्चों की मां है।
धीरे-धीरे दोनों के बीच प्रेम संबंध बने और शारीरिक संबंध भी हो गए। करीब एक साल साथ रहने के बाद जब जावेद को महिला की असलियत पता चली तो विवाद शुरू हो गया। नगीना ने उसे धमकाकर रिश्ता जारी रखा और ब्लैकमेल करती रही।
पुलिस ने महिला को हिरासत में लिया है।
सीएसपी रोबिन जैन ने बताया कि महिला से पूछताछ की जा रही है। मृतक के परिवार और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आरोपी महिला के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने (FIR) की कार्रवाई दर्ज की गई है।
यह घटना न सिर्फ प्रेम में विश्वास और धोखे की चरम परिणति को उजागर करती है, बल्कि यह भी बताती है कि झूठ और छल से शुरू हुआ रिश्ता अंत में एक जिंदगी को लील गया।