सीतापुर संदेश महल
सीतापुर के मछरेहटा थाना क्षेत्र स्थित भारासैनी मंदिर में देर रात अराजक तत्वों ने भारी उत्पात मचाते हुए कुल 8 मूर्तियों को क्षतिग्रस्त कर दिया। मंदिर परिसर में बने छह छोटे मंदिरों में तोड़फोड़ की गई। सुबह दैनिक पूजा-सफाई के लिए पहुंचे पुजारी रामकिशोर तिवारी ने टूटी मूर्तियां और बिखरा सामान देखकर घटना की जानकारी ग्रामीणों व पुलिस को दी।
ग्रामीणों में आक्रोश, सड़क पर उतरे लोग
मूर्तियां खंडित मिलने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मंदिर परिसर में इकट्ठा हो गए। लोगों ने इस घटना को धार्मिक भावनाओं पर हमला बताते हुए कड़ा विरोध जताया और सड़क पर उतरकर नाराजगी व्यक्त की। माहौल तनावपूर्ण होते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची और लोगों को शांत कराया।
पुलिस-प्रशासन सक्रिय, जांच तेज
मौके पर पहुंचे सीओ सिधौली कपूर कुमार ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि दोषियों की जल्द पहचान कर कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि मंदिर परिसर को अब CCTV कैमरों से लैस किया जाएगा, ताकि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।
पुजारी ने बताया कि क्षतिग्रस्त मूर्तियों के स्थान पर जल्द नई मूर्तियां स्थापित कर प्राण-प्रतिष्ठा की जाएगी।
केस दर्ज, फोरेंसिक टीम जुटी जांच में
पुजारी की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात अराजक तत्वों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं। आसपास के क्षेत्रों में लगे CCTV फुटेज की जांच भी शुरू कर दी गई है।
अधिकारियों का कहना है कि दोषियों को किसी भी हाल में छोड़ा नहीं जाएगा और मामले को प्राथमिकता के आधार पर सुलझाया जा रहा है।पूरे क्षेत्र में घटना को लेकर गहरा आक्रोश व्याप्त है।