पत्नी और तीन बच्चों की हत्या के बाद पति ने की खुदकुशी

श्रावस्ती संदेश महल
इकौना थाना क्षेत्र के मनिहारपुरवा गांव में शुक्रवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां रोज़ अली नामक युवक ने पहले अपनी पत्नी और तीन मासूम बच्चों की हत्या कर दी, उसके बाद खुद फंदे पर झूलकर जान दे दी। चारों शव बेड पर पड़े मिले, जबकि पति का शव पंखे से लटक रहा था। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था, जिससे मामला शुरुआती तौर पर हत्या के बाद आत्महत्या का लग रहा है।

सुबह 8 बजे तक में कोई नहीं उठा, तब खुली दर्दनाक सच्चाई

परिवारवालों के अनुसार, रोज अली 5 दिन पहले ही मुंबई से अपनी बहन के रिश्ते की बात तय करने गांव आया था। गुरुवार रात खाना खाने के बाद पूरा परिवार सोने चला गया।
शुक्रवार सुबह जब उसके घर से कोई नहीं उठा, तो सौतेली मां फातिमा को शक हुआ। उन्होंने दरवाजा खटखटाया लेकिन अंदर से कोई आवाज नहीं आई। इसके बाद उनकी बेटी रुबीना ने खिड़की खोलकर देखा तो अंदर का मंजर देख चीख उठी—शहनाज और तीनों बच्चे बेड पर मृत पड़े थे।गांव वालों ने मिलकर दरवाजा तोड़ा तो अंदर रोज अली का शव फंदे से लटकता मिला। घटना की सूचना पर घर में चीख-पुकार मच गई और आस-पड़ोस के लोग जमा हो गए।

मुंबई में रहते थे दंपती, बहन की शादी के लिए आए थे गांव

रोज अली अपनी पत्नी शहनाज, बेटियां गुलनाज (11), तबस्सुम (10) और डेढ़ वर्षीय बेटे मोइन के साथ मुंबई में रहते थे। गांव में उनके सगे भाई और सौतेली मां रहती हैं।
परिजनों ने बताया कि रोज अली बहन की शादी तय करने के लिए कुछ दिन पहले ही गांव आया था। मुंबई से लौटने के बाद उसकी पत्नी रोज सुबह सौतेली मां के घर मिलने आती थी और बच्चे वहीं खेलते थे।

फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड ने जुटाए साक्ष्य

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस, फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड मौके पर पहुंचे। पति के शव को फंदे से उतारकर चारपाई पर लिटाया गया और पांचों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया।

एसपी बोले—मायके जाने को लेकर हुआ था विवाद

एसपी राहुल भाटी ने बताया कि कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था और सभी शव एक ही कमरे से मिले।
प्राथमिक जांच में यह बात सामने आई है कि रोज अली ने तकिए से दबाकर या गला घोंटकर पत्नी और बच्चों की हत्या की, फिर खुदकुशी कर ली।उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले पति-पत्नी के बीच मायके जाने को लेकर विवाद हुआ था। पुलिस अन्य पहलुओं पर भी जांच कर रही है।गांव में इस दिल दहला देने वाली घटना से सन्नाटा पसरा हुआ है और पूरा परिवार शोक में डूबा है।