नई दिल्ली, संवाददाता
राजधानी के वसंत विहार इलाके में कमला पसंद और राजश्री पान मसाला ग्रुप के मालिक कमल किशोर की बहू दीप्ति चौरसिया (40) ने आत्महत्या कर ली। उनका शव घर में चुन्नी के सहारे फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
घटनास्थल की तलाशी के दौरान पुलिस को एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है। प्रारंभिक जांच में नोट में किसी भी व्यक्ति पर प्रत्यक्ष आरोप नहीं लगाया गया है। इसमें मानसिक और भावनात्मक तनाव से जुड़ी बातें लिखी गई हैं, हालांकि किसी तरह की प्रताड़ना या विवाद का जिक्र नहीं है।
2010 में हुई थी शादी, दो बच्चों की मां थीं दीप्ति
दीप्ति की शादी वर्ष 2010 में कमल किशोर के बेटे अर्पित चौरसिया से हुई थी। दंपति के दो बच्चे हैं। परिवार लंबे समय से दिल्ली में रह रहा है, जबकि दीप्ति का मायका बिहार से जुड़ा है। बताया जाता है कि उनके पिता कभी राजनीति में सक्रिय रहे हैं।
घरेलू विवाद की पुष्टि नहीं, पुलिस सभी पहलुओं की जांच में जुटी
पुलिस के अनुसार अभी तक किसी घरेलू विवाद की पुष्टि नहीं हुई है। हालांकि, मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए दीप्ति और उनके पति अर्पित के आपसी संबंध, हाल के दिनों की गतिविधियां, फोन रिकॉर्ड, चैट्स और डिजिटल डेटा की भी जांच की जा रही है। दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
फोरेंसिक जांच और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मौत की वजह और परिस्थितियों पर अधिक स्पष्टता आएगी। सुसाइड नोट की भी फोरेंसिक जांच कराई जाएगी ताकि उसकी हैंडराइटिंग और प्रामाणिकता की पुष्टि हो सके।
परिजनों का कहना है कि दीप्ति शांत स्वभाव की थीं, ऐसे में उनकी आत्महत्या ने सभी को स्तब्ध कर दिया है। पुलिस फिलहाल मामले की गहन जांच कर रही है।