दीपू सिंह, मैनपुरी
संदेश महल समाचार
जनपद मैनपुरी के भोगांव थाना क्षेत्र के परतापुर के पास जीटी रोड पर शनिवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, बेवर की ओर से आ रही बाइक (नंबर UP 84 M 2039) में एक अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार ब्रह्मपुर निवासी पंकज कुमार की पत्नी मनोरमा की मौके पर ही मृत्यु हो गई। पंकज कुमार और उनके साथ मौजूद एक अन्य महिला गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलते ही भोगांव पुलिस मौके पर पहुंची और भारी पुलिस बल की मौजूदगी में घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भिजवाया गया। वहीं, मृतका के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, जीटी रोड पर तेज रफ्तार वाहन आए दिन हादसों की वजह बन रहे हैं। पुलिस ने फरार वाहन की तलाश शुरू कर दी है और आगे की जांच जारी है।