राजस्थान संदेश महल
अलवर जिले के खेरली इलाके में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां 9 साल के मासूम की गवाही ने एक ऐसी साज़िश का पर्दाफाश कर दिया, जिसे सुनकर हर कोई हैरान है। जिस बच्चे ने अपनी आंखों के सामने अपने पिता को मरते देखा, वही अब इस पूरे हत्याकांड का सबसे अहम गवाह बनकर सामने आया है।
घटना 7 जून की रात की है, जब वीरू उर्फ मान सिंह जाटव अपने ही घर में मृत मिले। शुरुआती जांच में मामला सामान्य मौत की तरह बताया गया, लेकिन घर के अंदर मिले कुछ संदिग्ध संकेतों और बच्चे की टूटी-बिखरी बातों ने पुलिस को शक की दिशा में धकेला। इसके बाद पुलिस ने इलाके के करीब 100 से ज्यादा CCTV फुटेज खंगालकर पूरे मामले की कड़ियां जोड़नी शुरू कीं।
जांच में सामने आया कि वीरू की पत्नी अनीता ने अपने प्रेमी काशीराम के साथ मिलकर 2 लाख रुपये में चार भाड़े के हत्यारों को सुपारी दी थी। योजना बेहद सोची-समझी थी, लेकिन बच्चे की मौजूदगी और उसकी छोटी-छोटी बातों ने पूरी साजिश को खोल दिया। पुलिस ने 48 घंटे के भीतर घटना का सच उजागर कर दिया और सभी आरोपियों को चिन्हित कर लिया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह मामला हाल ही में सामने आए राजा रघुवंशी और सोनम वाले मामले की याद दिलाता है। फर्क बस इतना है कि इस बार एक 9 साल के मासूम ने हिम्मत दिखाकर अपने पिता की मौत का सच दुनिया के सामने रखा है।
फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले में कई अहम खुलासे होने की संभावना है। यह पूरा घटनाक्रम इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।