मिश्रिख में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 119 जोड़े बंधे परिणय सूत्र में

मिश्रिख सीतापुर संदेश महल
मुख्यमंत्री सामुदायिक सामूहिक विवाह योजना के तहत शनिवार को मिश्रिख कस्बे के मेला मैदान में भव्य आयोजन किया गया। पंडाल में धूमधाम से 119 जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ। इनमें 116 जोड़ों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच अग्नि के सात फेरे लेकर एक-दूजे का हाथ थामा, जबकि तीन जोड़ों ने निकाह कबूल कर वैवाहिक जीवन की शुरुआत की।जनपद के छह विकास खंडों से आए 119 जोड़ों का विवाह समारोह बड़े उत्साह और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हुआ। आयोजन में क्षेत्रीय विधायक रामकृष्ण भार्गव ढोल-नगाड़ों के साथ बारात लेकर पहुंचे। भारतीय संस्कृति के अनुरूप सभी वर-वधुओं का स्वागत-सत्कार किया गया।कार्यक्रम जिला समाज कल्याण अधिकारी मोतीलाल की देखरेख में संपन्न हुआ। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत विकास खंड मिश्रिख, सिधौली, बिसवां और कसमंडा के जोड़ों का विवाह विशेष पंडितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ कराया गया।इस अवसर पर विधायक रामकृष्ण भार्गव ने सभी नवविवाहित जोड़ों पर पुष्पवर्षा कर उन्हें सुखद वैवाहिक जीवन का आशीर्वाद दिया।