पिसावा संवाददाता संदेश महल
पिसावां थाना क्षेत्र के बहुवनी गांव में मंगलवार को भूमि पैमाइश के दौरान बड़ी वारदात हो गई। पैमाइश करने पहुंचे लेखपाल और राजस्व निरीक्षक पर गांव के ही कुछ दबंगों ने अचानक हमला कर दिया। लेखपाल के मुताबिक दबंगों ने पहले मारपीट की, फिर फावड़ा और हंसिया लेकर दौड़ाते हुए पकड़ लिया और दोनों को बंधक बना लिया।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों को आरोपियों के चंगुल से मुक्त कराया। करीब आधे घंटे तक दोनों अधिकारी दबंगों की गिरफ्त में फंसे रहे। पुलिस ने लेखपाल की तहरीर पर दो नामजद समेत दो अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
महोली निवासी प्रेम शंकर, जो पिसावां के बहुवनी गांव में लेखपाल के पद पर तैनात हैं, पैमाइश के लिए राजस्व निरीक्षक के साथ मौके पर पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि जैसे ही पैमाइश शुरू की, अभिराम सिंह, बलराम सिंह और दो अज्ञात लोग वहां पहुंच गए और विवाद खड़ा करते हुए मारपीट करने लगे।
लेखपाल के अनुसार हमले के बाद जब वे जान बचाकर भागने लगे तो आरोपियों ने फावड़ा और हंसिया लेकर उनका पीछा किया और पकड़कर बंधक बना लिया। इसी बीच राजस्व निरीक्षक ने किसी तरह पुलिस कंट्रोल रूम पर कॉल कर मदद मांगी, जिसके बाद पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची।पिसावां थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।