प्रभावती शिक्षण प्रशिक्षण संस्थान में तीन दिवसीय स्काउट–गाइड कैंप का भव्य समापन

रणजीत सिंह
बहराइच संदेश महल
प्रभावती शिक्षण प्रशिक्षण संस्थान, इंडियन पब्लिक स्कूल रामगांव तेजापुर के प्रांगण में आयोजित तीन दिवसीय स्काउट एवं गाइड कैंप का समापन गुरुवार को हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। समापन समारोह के दौरान छात्र–छात्राओं ने अपने कौशल और अनुशासन का प्रभावशाली प्रदर्शन कर उपस्थित अतिथियों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कैंप के दौरान विद्यार्थियों ने टेंट निर्माण, बिना बर्तन के भोजन बनाना तथा सीमित संसाधनों में जीवन-यापन जैसी व्यावहारिक कलाओं का सजीव प्रदर्शन किया। इन गतिविधियों ने स्काउट–गाइड प्रशिक्षण की उपयोगिता और जीवनोपयोगी महत्व को दर्शाया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि पूर्व सांसद एवं विधान परिषद सदस्य श्री पदम सेन चौधरी जी के सुपुत्र श्री परमार्थ चौधरी (जिला उपाध्यक्ष, युवा मोर्चा, बहराइच), हिंदुस्तान स्काउट एवं गाइड प्रादेशिक संगठन आयुक्त देवीपाटन मंडल श्री रामकुमार तिवारी, नोडल अधिकारी श्री मनोज पाण्डेय, जिला संगठन आयुक्त श्री कन्हैया लाल पाण्डेय, विद्यालय के प्रधानाचार्य ओमप्रकाश वर्मा एवं उप प्रधानाचार्य राहुल शुक्ला द्वारा माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन कर किया गया। इसके पश्चात मनमोहक सरस्वती वंदना प्रस्तुत की गई।

इस कैंप में स्काउट–गाइड की कुल छह टोलियां गठित की गई थीं, जिनकी ओर से विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। समारोह में रमेश कुमार मौर्य, पूर्व प्रधान नेवादा भानु सिंह, बाबा दीन कैराती, विद्यालय संरक्षक ब्रह्मानंद वर्मा, मंडल अध्यक्ष प्रमोद कुमार चौधरी, मंडल अध्यक्ष युवा मोर्चा डॉ. ललित तिवारी, मो. अमीन, दिलीप चौहान, शिवांक तिवारी, माधव राम यादव, राजेश द्विवेदी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

मुख्य अतिथियों ने विद्यार्थियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि प्रभावती शिक्षण प्रशिक्षण संस्थान के बच्चे भविष्य में विद्यालय और अपने माता–पिता का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने बच्चों की कलात्मक और अनुशासित प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि स्काउट–गाइड प्रशिक्षण से प्राप्त अनुभव जीवनभर उनके काम आएंगे।

समापन अवसर पर मुख्य अतिथि द्वारा सभी छात्र–छात्राओं को प्रमाण पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। सम्मानित अतिथियों ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आशीर्वाद दिया। इसी के साथ तीन दिवसीय स्काउट–गाइड कैंप का भव्य समापन समारोह सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।