दुर्ग संदेश महल समाचार
छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए युवाओं को नशे की लत लगाने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी फर्जी कंपनी बनाकर कुरियर के माध्यम से प्रतिबंधित नशीली सिरप मंगवाते थे और उसे युवाओं में सप्लाई कर नशे की लत लगा रहे थे। गिरफ्तार किए गए दो मुख्य आरोपी पूर्व में मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव रह चुके हैं, जिन्होंने अपने अनुभव का गलत इस्तेमाल करते हुए यह अवैध नेटवर्क खड़ा किया।
जांच में सामने आया कि आरोपी गुजरात की एक दवा कंपनी से ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए कोडिन युक्त प्रतिबंधित सिरप मंगवाते थे और फिर स्थानीय स्तर पर उसकी सप्लाई करते थे। पुलिस ने इस मामले में प्रतिबंधित सिरप खरीदने वाले दो व्यापारियों को भी गिरफ्तार किया है।
नगर पुलिस अधीक्षक भिलाई, सत्य प्रकाश तिवारी ने प्रेस वार्ता में बताया कि आरोपियों के पास से करीब 5 लाख रुपये की प्रतिबंधित नशीली सिरप और अन्य सामग्री बरामद की गई है। साथ ही संबंधित दवा कंपनी की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी दुर्ग-भिलाई क्षेत्र के निवासी हैं।