बरसातपुर–अहिरानी हाईवे पर दर्दनाक हादसा, शादी से लौट रहे थे सभी मृतक
मऊ संदेश महल समाचार
उत्तर प्रदेश के मऊ जिले में बीती रात एक भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा दोहरीघाट थाना क्षेत्र के बरसातपुर–अहिरानी हाईवे पर हुआ, जहां स्कॉर्पियो और ट्रेलर के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।
पुलिस के मुताबिक, स्कॉर्पियो अचानक अनियंत्रित होकर अपनी लेन से दूसरी लेन में चली गई, जिससे सामने से आ रहे ट्रेलर से सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो सवार पांचों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी घोसी, जितेंद्र सिंह ने बताया कि हादसे के शिकार सभी लोग रांची में एक पारिवारिक शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे, तभी रास्ते में यह दुखद घटना हो गई।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।