भटाना के पुराने पटवार घर में सड़ रहे सरकारी दस्तावेज, जिम्मेदारों की अनदेखी उजागर

 

हीराराम सैन सिरोही संदेश महल समाचार

जिले की भटाना ग्राम पंचायत में स्थित पुराने पटवार घर की बदहाल स्थिति प्रशासनिक लापरवाही की कहानी बयां कर रही है। यहां वर्षों पुराने सरकारी दस्तावेज खुले में पड़े सड़ रहे हैं, जबकि अलमारी और बक्सों में रखा महत्वपूर्ण रिकॉर्ड बिना देखरेख के पड़ा हुआ है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, एक अलमारी पर वर्षों पहले लगाया गया ताला आज तक नहीं खुला है और किसी भी जिम्मेदार अधिकारी ने इसकी सुध नहीं ली। जर्जर हो चुके इस भवन की हालत इतनी खराब है कि वह खुद अपनी दुर्दशा पर ‘आंसू बहाता’ नजर आता है।
मौजूदा स्थिति यह है कि वर्तमान पटवारी के पास बैठने के लिए भी उचित स्थान नहीं है। बताया जा रहा है कि पटवारी को मजबूरन भटाना सोसायटी में बैठना पड़ रहा है, जिससे सोसायटी को भी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।


इस संबंध में बात करने पर सोसायटी अध्यक्ष गुलाब सिंह ने बताया कि भवन नहीं होने के कारण पटवारी को सोसायटी में एक कमरा देना पड़ा, जो नियमों के विरुद्ध है। वहीं, पटवारी कुलदीप राजपुरोहित से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन फोन पर बात नहीं हो सकी।
गंभीर सवाल यह भी है कि इतने महत्वपूर्ण सरकारी दस्तावेजों को इस तरह खुले में छोड़ देना भविष्य में बड़े फर्जीवाड़े को जन्म दे सकता है। पूर्व में भी ऐसे दस्तावेजों के आधार पर जमीन हड़पने जैसे मामले सामने आ चुके हैं।
फिलहाल जिम्मेदार अधिकारियों की चुप्पी और अनदेखी इस पूरे मामले को और गंभीर बना रही है।