
हीराराम सैन सिरोही संदेश महल समाचार
जिले के सरूपगंज थाना क्षेत्र में प्रेम विवाह का एक दर्दनाक अंत सामने आया है, जहां शादी के महज चार महीने बाद पति ने अपनी पत्नी की चाकू मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, घटना कालाबोर गांव की है। आरोपी अपनी ससुराल आया हुआ था, जहां पत्नी को साथ ले जाने को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। कहासुनी इतनी बढ़ गई कि आरोपी ने गुस्से में आकर पत्नी पर चाकू से हमला कर दिया।
हमले में महिला के पेट पर गंभीर चोट आई, जिससे अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र सिंह राठौड़ के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने आरोपी का पीछा करते हुए मांडवाड़ा खालसा के दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र से उसे गिरफ्तार कर लिया।
बताया जा रहा है कि आरोपी पहले से शादीशुदा था और पहली पत्नी से उसका एक बच्चा भी है। घटना के बाद मृतका के परिवार में शोक का माहौल है।
फिलहाल पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपी से पूछताछ जारी है।