डेढ़ साल की मादा तेंदुआ मृत मिली, वन विभाग ने शुरू की जांच; पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

अवधेश कुमार गुप्ता
पीलीभीत समाचार
उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जनपद में वन्यजीव सुरक्षा को लेकर एक चिंताजनक मामला सामने आया है। बुधवार सुबह नारायन ठेर गांव के पास सराय सुंदरपुर नहर में एक मादा तेंदुए का शव उतराता हुआ मिला, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर जुट गए और तुरंत वन विभाग को सूचना दी। सूचना पर सामाजिक वानिकी विभाग की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से तेंदुए के शव को नहर से बाहर निकालकर अपने कब्जे में लिया।प्रारंभिक जांच में अधिकारियों ने बताया कि मृत तेंदुआ करीब 18 महीने (डेढ़ साल) की मादा थी। प्रथम दृष्टया शरीर पर मौत के स्पष्ट कारणों के निशान नहीं मिले हैं, हालांकि बाहरी चोटों की गहनता से जांच की जा रही है।
इस संबंध में सामाजिक वानिकी के डीएफओ भरत कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि तेंदुए के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मौत का वास्तविक कारण रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।इस घटना ने एक बार फिर क्षेत्र में वन्यजीवों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।