पादर ग्राम रथ शिविर में पेयजल समस्या पर हंगामा, जलदाय विभाग समय पर नहीं पहुंचा

हीराराम सैन पादर रेवदर,सिरोही राजस्थान
राजस्थान सरकार के ग्राम रथ शिविर के तहत पादर ग्राम पंचायत में आयोजित शिविर में उस समय अव्यवस्था देखने को मिली, जब पेयजल समस्या के समाधान के लिए जलदाय विभाग का कोई अधिकारी समय पर उपस्थित नहीं हुआ। इससे ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और शिविर के दौरान हंगामे की स्थिति बन गई।
शिविर में जैसे ही रेवदर तहसीलदार मंजू देवासी ने ग्रामीणों की समस्याएं सुननी शुरू कीं, सबसे पहले पेयजल संकट का मुद्दा सामने आया। शिकायत के बाद शिविर प्रभारी को जलदाय विभाग के अधिकारियों के नाम कई बार पुकारने पड़े, लेकिन समय पर कोई अधिकारी नहीं पहुंचा। इस पर नाराजगी जताते हुए उपस्थिति रजिस्टर में अनुपस्थिति दर्ज की गई।
बाद में जब जलदाय विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे, तो ग्रामीणों ने उन्हें आड़े हाथों लिया। शिविर प्रभारी ने पादर पटवारी, ग्राम विकास अधिकारी और जलदाय विभाग के कनिष्ठ अभियंता आकाश कुमार को तीन दिन के भीतर समस्या पर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।पानी की समस्या का तत्काल समाधान नहीं होने और टैंकर सुविधा शुरू न होने से ग्रामीणों में भारी रोष देखने को मिला। स्थिति ऐसी रही कि अन्य विभागों के अधिकारी भी मूकदर्शक बने रहे।शिविर में सड़क से जुड़ा मुद्दा भी प्रमुख रूप से उठा। ग्रामीणों ने तरावड़ी क्षेत्र की सड़क को रिकॉर्ड से अलग निकालने और रोकने का निवेदन तहसीलदार से किया, जिस पर उन्होंने जांच कराने का आश्वासन दिया।इस दौरान भाजपा भटाना मंडल अध्यक्ष कुलदीप कुमार, ठाकुर अमर सिंह देवड़ा, ग्राम प्रशासक मरगा देवी, अतिरिक्त विकास अधिकारी हरीश प्रकाश सोनी, भरत सिंह वाघेला, राजकुमार नागर, पटवारी कमलेश कुमार जीनगर, एलडीसी भगवत सिंह देवड़ा, कृष्णपाल सिंह देवड़ा, आकाश कुमार, जनप्रतिनिधि धीराराम रबारी, पूर्व सरपंच पूनमराम कोली, महिपाल सिंह, दलपत सिंह, जयदीप सिंह, विक्रम सिंह, भंवर सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।