भटाना ग्राम सेवा सहकारी भवन के सामने गली में गंदगी का अंबार, ग्रामीण परेशान

सिरोही/भटाना राजस्थान संदेश महल न्यूज
सिरोही जिले की भटाना ग्राम पंचायत में सफाई व्यवस्था की पोल खोलती एक गंभीर तस्वीर सामने आई है। भटाना ग्राम सेवा सहकारी समिति भवन के सामने स्थित गली में लंबे समय से सफाई नहीं होने के कारण गंदगी और बदबूदार पानी जमा हो गया है, जिससे स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार गली में फैली गंदगी के कारण वहां से निकलना तक मुश्किल हो गया है। भटाना निवासी गोकुल नाथ ने बताया कि स्वर्गीय छगनलाल रावल के घर के सामने वाली गली में काफी समय से सफाई नहीं हुई है। यह रास्ता आगे गोगाजी मंदिर की ओर जाता है और पहले गांव का मुख्य मार्ग हुआ करता था, लेकिन अब हालात इतने खराब हो चुके हैं कि गली बंद जैसी स्थिति में पहुंच गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि गंदे पानी और कचरे के कारण बीमारी फैलने का खतरा बढ़ गया है। बरसात के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो सकती है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि जिम्मेदार अधिकारी समस्या से आंखें मूंदे बैठे हैं और अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई।
ग्रामीणों ने “संदेश महल” के माध्यम से उपखंड प्रशासन और जिला प्रशासन से जल्द सफाई करवाने तथा स्थायी समाधान की मांग की है।