रेवदर पुलिस को बड़ी सफलता, 10 दिन से फरार दिनेश कोली हिरासत में

सिरोही/रेवदर राजस्थान संदेश महल न्यूज
सिरोही जिले के रेवदर थाना क्षेत्र में करीब 10 दिन पूर्व रॉयल्टी कर्मचारियों पर लोडर चढ़ाने के प्रयास के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले के मुख्य आरोपी दिनेश कोली को रेवदर पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। पुलिस इससे पहले दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।
जानकारी के अनुसार, करोटी क्षेत्र में रॉयल्टी कर्मचारियों पर लोडर से हमला करने का प्रयास किया गया था, जिसके बाद पुलिस ने गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। घटना के बाद से मुख्य आरोपी दिनेश कोली फरार चल रहा था।
रेवदर थाना पुलिस ने लगातार दबिश देते हुए आरोपी को निम्बोडा गांव के आसपास स्थित कृषि कुओं के पास से हिरासत में लिया। बताया जा रहा है कि आरोपी अल सुबह निम्बोडा गांव से बैंगलोर भागने की फिराक में था, लेकिन उससे पहले ही पुलिस टीम ने उसे दबोच लिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी पिछले कई दिनों से व्हाट्सएप कॉल के जरिए संपर्क में था, जिसके चलते उसकी लोकेशन ट्रेस करने में काफी दिक्कत आ रही थी। इसके बावजूद गठित पुलिस टीम ने गुजरात सहित कई स्थानों पर लगातार दबिश दी।
सीआई सीताराम पंवार के निर्देशन में गठित टीम के एएसआई गणेशाराम मेघवाल, कांस्टेबल भजनलाल एवं आसूचना अधिकारियों के लगातार प्रयासों के बाद मुख्य आरोपी को पकड़ना संभव हो सका।
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच में जुटी हुई है।