बहराइच संदेश महल समाचार
बहराइच जिले के रिसिया थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सभा सहनेवाजपुर में तैनात कानूनगो मदन गोपाल पर गलत पैमाइश करने और धन उगाही के गंभीर आरोप लगे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि पैसे के लेन-देन के चलते क्षेत्र में जमीनों की नापजोख में अनियमितताएं की जा रही हैं, जिससे कई लोग परेशान हैं।
ग्रामीणों के अनुसार गाटा संख्या 523 की पैमाइश को लेकर विवाद गहरा गया है। आरोप है कि संबंधित पक्ष के पास रकबा और नक्शा सही होने के बावजूद कानूनगो द्वारा गलत तरीके से पैमाइश की गई, जिससे अन्य प्लॉट धारकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई से क्षेत्र में विवाद की स्थिति बन रही है और आमजन में प्रशासन के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों का आरोप है कि राजस्व विभाग के कुछ कर्मचारी मनमानी तरीके से कार्य कर रहे हैं, जिससे लोगों को न्याय पाने के लिए भटकना पड़ रहा है। मामले को लेकर क्षेत्र में आक्रोश का माहौल बना हुआ है।