भव्यता के साथ मनाई गई महाराणा प्रताप जयंती, वरिष्ठ जनों का हुआ सम्मान

सूरतगंज/बाराबंकी संदेश महल न्यूज
रामनगर-फतेहपुर मार्ग स्थित के.पी. पैलेस में शनिवार को वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की जयंती बड़े ही भव्य और श्रद्धापूर्ण माहौल में मनाई गई। इस अवसर पर वरिष्ठ जन सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें समाज के गणमान्य लोगों एवं वरिष्ठ नागरिकों को अंगवस्त्र, प्रतीक चिन्ह, पगड़ी और मालाएं पहनाकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व प्रमुख प्रतिनिधि बृजलाल सिंह ‘ज्ञानू’ ने महाराणा प्रताप के शौर्य, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति को याद करते हुए कहा कि हमें उनके आदर्शों पर चलकर समाज और राष्ट्र की सेवा करनी चाहिए।
रामनगर नगर पंचायत चेयरमैन रामशरण पाठक ने कहा कि महाराणा प्रताप ने जीवनभर स्वाभिमान से समझौता नहीं किया। विपरीत परिस्थितियों में भी उन्होंने मातृभूमि की रक्षा के लिए संघर्ष किया और घास की रोटी खाकर भी स्वतंत्रता की लौ जलाए रखी। उन्होंने घोषणा की कि जल्द ही नगर पंचायत रामनगर में महाराणा प्रताप की प्रतिमा स्थापित कराने का प्रस्ताव शासन को भेजा जाएगा, जिसका उपस्थित लोगों ने जोरदार स्वागत किया।
सुनील सिंह सेवक ने कहा कि रामनगर की अलग पहचान बनाने के लिए समाज के सभी वर्गों को एकजुट होकर कार्य करना होगा। उन्होंने बच्चों की शिक्षा और उज्ज्वल भविष्य के लिए समाज से आगे आने की अपील की।
प्रहलाद कनौजिया ने कहा कि महाराणा प्रताप ने कभी ऊंच-नीच का भेदभाव नहीं किया और सर्व समाज को साथ लेकर चलने का कार्य किया। वहीं प्रगतिशील किसान अमरेंद्र प्रताप सिंह ‘रूद्र’ ने कहा कि यदि समाज को सम्मानपूर्वक आगे बढ़ना है तो एकजुटता बेहद जरूरी है।
कार्यक्रम का संचालन दीपक सिंह ‘सरल’ ने किया। इस दौरान ग्राम पंचायत सदस्य महासभा उत्तर प्रदेश के मुख्य संगठन मंत्री ध्रुव कुमार सिंह, प्रदेश महासचिव जय नारायण पटवा, गन्ना परिषद अध्यक्ष भानु प्रताप सिंह, संजय सिंह, अधिवक्ता कुलदीप सिंह, पवन ओझा, प्रभात सिंह, दद्दन सिंह, रवि सिंह सहित कई वक्ताओं ने अपने विचार रखे।
समारोह में शिव प्रसाद अवस्थी ‘निक्कू’, रविकांत पांडेय, दयाशंकर तिवारी, डॉ. विशाल सिंह, अजीत सिंह बब्बू, अनुराग सिंह, मोहन सिंह, सचिन त्रिपाठी, कुलभूषण सिंह समेत सर्व समाज के सैकड़ों लोग मौजूद रहे।
अंत में भानु प्रताप सिंह, ज्ञानू सिंह एवं अमित सिंह आजाद ने सभी अतिथियों और उपस्थित जनसमूह का आभार व्यक्त किया।