गुजरात में धूमधाम से मनाई गई 486वीं जयंती

अहमदाबाद (शाहीबाग)। हिंदू कुल गौरव एवं वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप सिंह जी की 486वीं जयंती शनिवार को अहमदाबाद में श्रद्धा, उत्साह और गौरव के साथ मनाई गई। राजस्थान युवा मंच एवं श्री प्रताप सेना के संयोजक भवानी सिंह शेखावत तथा मेवाड़ वागड़ राजपूत समाज संस्थान के तत्वावधान में आयोजित इस भव्य समारोह में समाज के गणमान्य नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में नगरवासियों ने सहभागिता की।
समारोह में गुजरात सरकार की मंत्री श्रीमती दर्शनाबेन वाघेला, पूर्व गृह मंत्री श्री गोवर्धन भाई, साबरमती विधायक श्री हर्षद भाई पटेल, पूर्व मेयर श्रीमती प्रतिभा जैन, वाव-थराद जिला प्रभारी श्री विशाल भाई पटेल, पार्षद श्री अतुल मिश्रा, गुजरात प्रदेश उपाध्यक्ष क्षत्रिय करणी सेना श्री नरपत सिंह राठौड़, श्री राहुल भाई अग्रवाल, श्री तुलसी भाई पटेल तथा प्राउड ऑफ राजस्थान के श्री त्रिलोक सिंह राजपुरोहित सहित अनेक सामाजिक, धार्मिक और राजनीतिक क्षेत्र के प्रमुख लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने महाराणा प्रताप के संघर्षमय जीवन, राष्ट्रप्रेम, स्वाभिमान, त्याग और अदम्य वीरता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनका जीवन संपूर्ण राष्ट्र के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने मातृभूमि, धर्म और संस्कृति की रक्षा के लिए अपना सम्पूर्ण जीवन समर्पित कर दिया।


इस दौरान महाराणा प्रताप के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। “महाराणा प्रताप अमर रहें” और “भारत माता की जय” के जयघोषों से पूरा वातावरण राष्ट्रभक्ति और वीरता के रंग में रंग गया।
समारोह के अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों एवं समाजबंधुओं का आभार व्यक्त करते हुए युवाओं से महाराणा प्रताप के आदर्शों पर चलने का आह्वान किया।