सिरोही। संदेश महल द्वारा 9 मई को “भटाना ग्राम सेवा सहकारी भवन के सामने वाली गली में गंदगी और सफाई व्यवस्था के अभाव” को लेकर प्रकाशित खबर का असर अब देखने को मिला है। खबर प्रकाशित होने के बाद भटाना ग्राम पंचायत प्रशासन हरकत में आया और तत्काल सफाई व्यवस्था शुरू करवाई गई।
भटाना पंचायत के प्रशासक श्री भवानी सिंह देवड़ा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए ग्राम विकास अधिकारी को तुरंत सफाई करवाने के निर्देश दिए। इसके बाद ग्राम विकास अधिकारी श्री राजकुमार नागर ने सफाई ठेकेदार को फटकार लगाते हुए हाथोंहाथ सफाई कार्य शुरू करवाया।
गांव में जेसीबी मशीन एवं सफाई कर्मचारियों की सहायता से गली-मोहल्लों की सफाई करवाई गई। इस दौरान पंचायत के एलडीसी रविंद्र सिंह देवड़ा ने अवकाश होने के बावजूद पूरे समय मौके पर मौजूद रहकर सफाई कार्य की निगरानी की। वहीं चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी महेंद्र कुमार मेघवाल भी दिनभर जेसीबी के साथ रहकर सफाई व्यवस्था को सुचारु रूप से करवाते नजर आए।
ग्रामीणों ने प्रशासक श्री भवानी सिंह देवड़ा, ग्राम विकास अधिकारी राजकुमार नागर, एलडीसी रविंद्र सिंह देवड़ा तथा संदेश महल का आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों ने कहा कि प्रशासन की तत्परता से गांव में सकारात्मक संदेश गया है और भविष्य में भी इसी प्रकार समस्याओं का समाधान होने की उम्मीद है।
ग्रामीण गोकुल नाथ गोस्वामी सहित अन्य जागरूक नागरिकों ने प्रशासन के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि भटाना पंचायत प्रशासन जनता के सुख-दुख और समस्याओं में आगे आकर कार्य कर रहा है।