पत्रकारों को गालियां और भगवान श्रीराम पर अभद्र टिप्पणी का आरोप, मुकदमा दर्ज

धनंजय मिश्रा सूरतगंज/बाराबंकी संदेश महल न्यूज
बाराबंकी जिले के सूरतगंज क्षेत्र में पत्रकारों के सम्मान और धार्मिक भावनाओं से जुड़े एक मामले ने तूल पकड़ लिया है। ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के तहसील अध्यक्ष राजबहादुर वर्मा की शिकायत पर मोहम्मदपुर खाला पुलिस ने बलराज सिंह उर्फ बल्लू के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता के अनुसार आरोपी ने फोन कॉल के दौरान पत्रकारों के लिए कथित रूप से अपमानजनक और अभद्र भाषा का प्रयोग किया। साथ ही भगवान श्रीराम के प्रति भी आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप लगाया गया है। पुलिस को बातचीत की ऑडियो रिकॉर्डिंग भी सौंपी गई है, जिसे जांच में शामिल किया गया है।
तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपी क्षेत्र में दबंग प्रवृत्ति का व्यक्ति माना जाता है और कथित रूप से ‘खालसा ब्रिक फील्ड’ नामक ईंट भट्ठे का संचालन करता है। शिकायत में यह भी कहा गया है कि आरोपी पूर्व में भी समाज विशेष के लोगों के प्रति अभद्र भाषा का प्रयोग कर चुका है।
घटना के बाद ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के पदाधिकारियों और पत्रकारों में रोष व्याप्त है। संगठन ने आरोपी द्वारा कथित रूप से दी गई धमकियों को गंभीर बताते हुए प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
मामले की जांच उपनिरीक्षक उपेन्द्र सिंह भदौरिया को सौंपी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों और ऑडियो रिकॉर्डिंग के आधार पर निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल क्षेत्र में इस मामले को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है और लोग प्रशासन से निष्पक्ष कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।