सिरोही/मकावल राजस्थान संदेश महल समाचार
सिरोही जिले की मकावल ग्राम पंचायत में शिक्षा और सामाजिक सहयोग की दिशा में सराहनीय पहल देखने को मिली। मकावल स्थित सार्वजनिक पुस्तकालय भवन में आज 2 टन एयर कंडीशनर (AC) का शुभारंभ भामाशाह श्री प्रमोद कुमार लखमाजी चौधरी (धुड़िया) के हाथों किया गया।
बताया गया कि गत दिनों भीषण गर्मी के बीच पुस्तकालय में विद्यार्थी कठिन परिस्थितियों में बैठकर अध्ययन कर रहे थे। इसे देखते हुए भामाशाह श्री चौधरी ने करीब 70 हजार रुपये की लागत से 2 टन एसी उपलब्ध करवाकर तत्काल चालू करवाया। इससे अब विद्यार्थियों को गर्मी से राहत मिलने के साथ बेहतर वातावरण में अध्ययन करने की सुविधा मिलेगी।
भामाशाह श्री चौधरी पूर्व में भी लगभग 15 हजार रुपये मूल्य की पुस्तकें पुस्तकालय को भेंट कर चुके हैं। उनके इस सहयोगात्मक कार्य की विद्यार्थियों और ग्रामीणों ने सराहना की। पुस्तकालय में उपस्थित विद्यार्थियों ने माला पहनाकर एवं मुंह मीठा करवाकर उनका सम्मान किया।
इस अवसर पर श्री चौधरी ने गांव में पेयजल समस्या के समाधान के लिए एक ट्यूबवेल लगवाने की भी घोषणा की, जिससे ग्रामीणों में खुशी का माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम में अशोक कुमार मैगवाल, दशरथ सिंह, श्रवण कुमार प्रजापत, हिम्मत कुमार घांची, नाथूराम मैगवाल, भरत देवासी, कुलदीप गर्ग, नागजीराम देवासी, रविंद्र कुमार घांची, नरेंद्र कुमार घांची, चम्पत मैगवाल, विशाल मैगवाल, रघुवीर सिंह देवड़ा, जसपाल कुमार सैन, नारायण देवासी, विक्रम देवासी एवं पूर्ण कुमार गर्ग सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने भामाशाह का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी सामाजिक कार्यों में सहयोग की उम्मीद जताई।