रेवदर/भटाना राजस्थान संदेश महल समाचार
सिरोही जिले के भटाना गांव में नामांतरण प्रक्रिया में कथित रिश्वत मांगने का मामला अब प्रशासनिक स्तर पर गंभीर रूप से उठने लगा है। ‘संदेश महल’ में खबर प्रकाशित होने के बाद मंगलवार को यह मामला रेवदर उपखंड कार्यालय की जनसुनवाई में पहुंचा, जहां शिकायतकर्ता ने अधिकारियों के सामने अपनी बात रखी। मामले को गंभीर मानते हुए तहसीलदार ने तत्काल जांच के आदेश जारी कर दिए।

भटाना निवासी सोहनलाल पुत्र दयाजी राजपुरोहित ने आरोप लगाया कि भटाना पटवारी कुलदीप सिंह राजपुरोहित द्वारा नामांतरण (म्यूटेशन) प्रक्रिया पूरी करने के बदले रुपए की मांग की जा रही थी। शिकायतकर्ता ने अपनी पीड़ा लेकर रेवदर उपखंडीय जनसुनवाई में पहुंचकर तहसीलदार मंजू देवासी को पूरे मामले से अवगत कराया।
जनसुनवाई के दौरान तहसीलदार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच की जिम्मेदारी मंडार के नायब तहसीलदार जब्बर सिंह को सौंपी। निर्देश दिए गए हैं कि तीन दिन के भीतर पूरे प्रकरण की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो यह राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली पर बड़ा सवाल खड़ा करेगा। लोगों ने निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, ग्रामीणों ने जनहित से जुड़े मुद्दे को प्रमुखता से उठाने पर ‘संदेश महल’ का आभार जताया और कहा कि मीडिया के माध्यम से ही आमजन की आवाज प्रशासन तक पहुंच पा रही है।
अब सभी की नजर प्रशासनिक जांच और आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई है।