रामनगर तहसील परिसर में दिखा जहरीला रसल वाइपर, अधिवक्ताओं में मचा हड़कंप

रुपेश मिश्रा रामनगर/बाराबंकी संदेश महल समाचार 

बाराबंकी जिले की रामनगर तहसील परिसर में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब अधिवक्ताओं के चेंबर के पास एक जहरीला सांप दिखाई दिया। देखते ही देखते तहसील परिसर में मौजूद अधिवक्ताओं और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सांप अधिवक्ता राघवेंद्र सिंह के चेंबर के पास दीवार के नीचे बनी नाली में घुस गया। उसका आधा हिस्सा नाली के अंदर था जबकि पिछला भाग बाहर दिखाई दे रहा था। लोगों ने सांप की पहचान जहरीले रसल वाइपर के रूप में होने की आशंका जताई, जिसके बाद तहसील परिसर में दहशत का माहौल बन गया।
अधिवक्ता राघवेंद्र सिंह ने बताया कि वन विभाग के कर्मचारियों ने प्राथमिक तौर पर इसे रसल वाइपर बताया है। उन्होंने कहा कि सांप उनके चेंबर के पास नाली में छिपा हुआ था, जिससे आसपास मौजूद लोगों में भय फैल गया।
जानकारी फैलते ही तहसील परिसर में मौजूद अधिवक्ताओं, कर्मचारियों और स्थानीय नागरिकों की भीड़ मौके पर जुट गई। लोगों का कहना है कि रसल वाइपर दुनिया के सबसे जहरीले सांपों में गिना जाता है और इसके काटने पर व्यक्ति की हालत गंभीर हो सकती है।
मामले की सूचना वन विभाग को दी गई, जिसके बाद वन विभाग की टीम को मौके पर भेजने की तैयारी शुरू कर दी गई। वन क्षेत्राधिकारी (रेंजर) अल्पना पांडे ने बताया कि यदि सांप रसल वाइपर है तो यह अत्यंत विषैला होता है। विभाग की टीम को उसे सुरक्षित पकड़ने के निर्देश दिए गए हैं।
फिलहाल घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन तहसील परिसर में लोगों में भय और चर्चा का माहौल बना हुआ है।