सीतापुर संदेश महल
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र परसेंडी की आशा कार्यकर्ताओं और संगिनियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया है। अधीक्षक को ज्ञापन देकर आशा बहुओं ने लंबित मानदेय के भुगतान और अनावश्यक ऑनलाइन व अतिरिक्त कार्यों के दबाव को समाप्त करने की मांग की है। अपनी मांगें पूरी न होने पर उन्होंने अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने की चेतावनी दी है।
कार्यकर्ताओं ने बताया कि उन्हें ऑनलाइन काम के लिए दिए गए मोबाइल फोन और सिम कार्ड काम नहीं कर रहे हैं। इसके बावजूद उन पर ऑनलाइन कार्य करने का अनावश्यक दबाव बनाया जा रहा है। साथ ही, सीएचसी अधीक्षक और उच्च अधिकारियों द्वारा स्वास्थ्य विभाग के अतिरिक्त अन्य कार्य करने के लिए भी उन पर दबाव डाला जा रहा है, जिससे वे मानसिक रूप से प्रताड़ित महसूस कर रही हैं।
आशा कार्यकर्ताओं के अनुसार, उनके द्वारा क्षेत्र में किए गए टी.बी.आई. कार्य का भुगतान पिछले एक वर्ष से नहीं किया गया है। इसके अलावा, मार्च 2026 से मूल मानदेय का आधा भुगतान भी रोक दिया गया है। इस वित्तीय संकट के कारण वे भुखमरी की कगार पर हैं और मानसिक रूप से परेशान हैं।
उन्होंने मांग की है कि जब तक उनकी सभी मांगें पूरी नहीं हो जातीं, तब तक उन पर विभागीय कार्यों का कोई दबाव न बनाया जाए। कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट किया है कि यदि उनकी मांगें नहीं मानी गईं, तो वे अनिश्चितकालीन धरने पर बैठेंगी। उन्होंने 10,000 रुपये का निश्चित मानदेय दिए जाने की भी मांग की है।
आशा कार्यकर्ताओं ने अधिकारियों से न्याय हित में प्रकरण की जांच करने, रुके हुए मानदेय और अतिरिक्त कार्य के भुगतान को सुनिश्चित करने तथा अनावश्यक ऑनलाइन कार्य न कराए जाने हेतु संबंधित अधिकारियों को आदेशित करने की प्रार्थना की है।इस मौके पर पूनम सिंह, रेखा सिंह,नीलम सिंह,सरिता मिश्रा, शैलजा सिंह, विमला देवी, मन्नो देवी आदि संगिनी कार्यकर्ता व आशाबहू कार्यकर्त्ता मौजूद रही।