रमेश चंद्र बाराबंकी संदेश महल समाचार
उत्तर प्रदेश के जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने गुरुवार को बाराबंकी पहुंचकर पद्मश्री सम्मानित प्रगतिशील किसान राम शरण वर्मा के फार्म हाउस का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने आधुनिक कृषि तकनीकों, नवाचार आधारित खेती और किसानों को दिए जा रहे प्रशिक्षण कार्यक्रमों का अवलोकन किया।
मंत्री ने फार्म हाउस पर विकसित विभिन्न कृषि मॉडलों को देखा और किसानों से संवाद कर खेती में नई तकनीकों, उन्नत बीजों, फसल विविधीकरण तथा वैज्ञानिक पद्धतियों को अपनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आधुनिक कृषि तकनीकों का उपयोग कर किसान अपनी उत्पादकता और आय दोनों में वृद्धि कर सकते हैं।
स्वतंत्र देव सिंह ने किसानों को दिए जा रहे प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी लेते हुए पद्मश्री किसान राम शरण वर्मा के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की पहलें किसानों को आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ कृषि क्षेत्र को अधिक लाभकारी और टिकाऊ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में कृषि एवं सिंचाई क्षेत्र में अनेक ऐतिहासिक कार्य हुए हैं, जिनका लाभ देश के करोड़ों किसानों को मिल रहा है। मंत्री ने किसानों से आधुनिक खेती के सफल मॉडलों को अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि नवाचार और तकनीक आधारित कृषि ही भविष्य की आवश्यकता है।इस अवसर पर बड़ी संख्या में किसान, कृषि विशेषज्ञ एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।