पावटी मामाजी मेले का भव्य आयोजन, हजारों श्रद्धालुओं ने लिया धर्मलाभ

सिरोही। भटाना के निकट स्थित पावटी गांव में शुक्रवार रात्रि को मामाजी मंदिर परिसर में आयोजित वार्षिक मेले का भव्य आयोजन किया गया। मेले में नामी-गिरामी भजन कलाकारों ने अपनी मधुर प्रस्तुतियों से पूरी रात भक्ति रस की सरिता बहाई और श्रद्धालुओं को झूमने पर मजबूर कर दिया।


शनिवार प्रातः शुभ मुहूर्त में मामाजी के भोपाजी बजाजी वैराना के सान्निध्य में श्रद्धालुओं द्वारा मामाजी के थान पर घोड़ी चढ़ाने की परंपरा का विधिवत निर्वहन किया गया। इसके पश्चात महाप्रसादी का आयोजन हुआ, जिसमें आसपास के अनेक गांवों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर धर्मलाभ प्राप्त किया।
मेले में मुख्य अतिथियों के रूप में भटाना ठाकुर साहब श्री सौभाग्य सिंह देवड़ा, चेतन सिंह देवड़ा, भटाना प्रशासक भवानी सिंह Devड़ा, गजेंद्र सिंह देवड़ा, हीराराम घांची, जीवाराम चौधरी, बाबूलाल सैन, लक्ष्मण देवासी एवं उमाराम देवासी सहित क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


मेले में पावटी एवं भटाना के रबारी समाज सहित विभिन्न समाजों के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। श्रद्धालुओं की भारी उपस्थिति से पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा।
मामाजी के भोपाजी बजाजी वैराना ने बताया कि मेले का आयोजन श्रद्धा, आस्था और सामाजिक समरसता का प्रतीक है, जिसमें हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होकर अपनी आस्था प्रकट करते हैं।