संतकबीरनगर संदेश महल समाचार
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराधियों के विरुद्ध अभियान के तहत कोतवाली खलीलाबाद पुलिस ने झपटमारी की घटना का 24 घंटे के भीतर सफल खुलासा करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटा गया एक मंगलसूत्र (लॉकेट सहित) तथा घटना में प्रयुक्त एक्टिवा स्कूटी (UP 53 FB 6252) बरामद की है।गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान अरुण कुमार पुत्र विक्रम एवं संजय कुमार पुत्र स्व. सुमिरन, निवासी देवरिया सूरस, थाना हरपुर बुदहट, जनपद गोरखपुर के रूप में हुई है। दोनों को असरफाबाद से रसूलपुर जाने वाले ईंट-खड़ंजा मार्ग के किनारे स्थित बाग के पास से शुक्रवार को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, 25 जून 2026 को गोरखपुर जनपद के बांसगांव थाना क्षेत्र निवासी श्रीमती सुमन निषाद ने तहरीर देकर बताया था कि वह अपने परिवार के साथ मगहर स्थित कबीर चौरा समाधि स्थल पर आई थीं। शिव मंदिर की ओर जाते समय स्कूटी सवार दो बदमाश उनके गले से मंगलसूत्र छीनकर फरार हो गए थे। इस संबंध में कोतवाली खलीलाबाद में मुकदमा दर्ज किया गया था।जांच एवं साक्ष्य संकलन के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने जेब खर्च के लिए रुपये जुटाने की नीयत से घटना को अंजाम दिया था और बरामद मंगलसूत्र बेचने के लिए ग्राहक की तलाश में जा रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।
पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोत्तरी भी की है।गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक विनोद कुमार यादव, उपनिरीक्षक महेश्वर चौधरी, हेड कांस्टेबल रविशंकर श्रीवास्तव, कांस्टेबल अरुण कुमार, संतोष यादव, सर्विलांस प्रभारी अजय कुमार सिंह, कांस्टेबल पीयूष गुप्ता, एंटी थेफ्ट टीम प्रभारी उपनिरीक्षक अभिमन्यु सिंह, हेड कांस्टेबल आदित्य कुमार यादव, कांस्टेबल वीरबहादुर यादव एवं कांस्टेबल अरुण हलवाई शामिल रहे।पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने सराहनीय कार्य करने वाली पुलिस टीम को ₹25,000 के नगद पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की है।