भोपाल मध्यप्रदेश संदेश महल
भोपाल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में प्रदेश के 12वीं बोर्ड परीक्षा में टॉप करने वाले 7,832 विद्यार्थियों को निःशुल्क स्कूटी वितरित की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में बच्चों के लिए बेहतर भविष्य का मार्ग प्रशस्त हो रहा है।
उन्होंने बताया कि स्कूल शिक्षा विभाग के माध्यम से विद्यार्थियों को स्कूटी, लैपटॉप, साइकिल, कॉपी-किताबें सहित अनेक सुविधाएँ उपलब्ध कराई जा रही हैं। यह कदम प्रधानमंत्री की भावना के अनुरूप प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को गति और प्रेरणा देने के उद्देश्य से किया गया है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने स्कूटी प्राप्त करने वाली छात्रा कु. हर्षिता के साथ स्कूटी की सवारी की और विद्यार्थियों से संवाद भी किया। इसके साथ ही हितग्राही विद्यार्थियों के साथ समूह चित्र भी खिंचवाए।
इसके अलावा, मुख्यमंत्री ने 20 लाख से अधिक बालिकाओं के लिए सैनिटेशन और हाइजीन के क्षेत्र में 61 करोड़ रुपए से अधिक राशि के अंतरण कार्यक्रम को भी संबोधित किया। डॉ. यादव ने कहा कि यह पहल विद्यार्थियों को केवल शैक्षणिक रूप से ही नहीं, बल्कि जीवन के विभिन्न आयामों में आगे बढ़ने में मदद करेगी।