छप्पर से लटका मिला युवक का शव, पुलिस जांच में जुटी

पिसावा सीतापुर संदेश महल समाचार।

जिले के पिसावां थाना क्षेत्र के वजीर नगर गांव में शनिवार दोपहर एक युवक का शव उसके कच्चे मकान के छप्पर से कपड़े के फंदे के सहारे लटका मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच की जा रही है।
जानकारी के अनुसार वजीर नगर निवासी 35 वर्षीय प्रकाश पुत्र मनीलाल का शव उसके कच्चे मकान के छप्पर से लटका मिला। ग्रामीणों ने बताया कि मकान की दीवारें नीची होने के कारण बाहर से ही अंदर का हिस्सा दिखाई देता है। घर के उसी छप्पर के नीचे चूल्हा भी बना हुआ है। ग्रामीणों की नजर जब शव पर पड़ी तो उन्होंने तत्काल परिजनों और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही गांव में लोगों की भीड़ जुट गई।
बताया जा रहा है कि घटना के समय प्रकाश की पत्नी मनीषा अपनी मासूम बेटी के साथ इमलिया सुल्तानपुर थाना क्षेत्र के ढाकनपुर स्थित मायके गई हुई थी। वह करीब 15 दिन पहले मायके गई थी। घटना की जानकारी मिलने पर वह बेटी के साथ रोते-बिलखते गांव पहुंची।
सूचना पर कुतुबनगर चौकी प्रभारी सूर्य प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ग्रामीणों के मुताबिक प्रकाश के पास करीब दो बीघा कृषि भूमि थी। वह खेती के साथ मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। परिवार में पत्नी और एक मासूम बेटी है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
कार्यवाहक थाना प्रभारी सुनीत कुमार ने बताया कि पत्नी की तहरीर पर फौती सूचना दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मौत के कारणों की जांच कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।