प्रेमी के साथ रहने की जिद पर मोबाइल टावर पर चढ़ी तीन बच्चों की मां, पुलिस ने मशक्कत के बाद उतारा

सीतापुर संदेश महल समाचार
कमलापुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब तीन बच्चों की मां अपने प्रेमी के साथ रहने की मांग को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और करीब एक घंटे की समझाइश के बाद महिला को सुरक्षित नीचे उतार लिया।
जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के देवीपुर सरेचा गांव निवासी मीनू देवी, पत्नी मनोज कुमार, ने करीब 13 दिन पहले कमोलिया गांव निवासी अजय के खिलाफ थाने में तहरीर दी थी। महिला का कहना है कि वह अजय के साथ रहना चाहती है और उससे शादी करना चाहती है। उसका आरोप है कि कई बार थाने के चक्कर लगाने के बावजूद उसकी शिकायत पर न मुकदमा दर्ज किया गया और न ही कोई कार्रवाई की गई।शुक्रवार दोपहर कार्रवाई न होने से नाराज महिला गांव के पास स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गई और प्रेमी के साथ रहने की मांग पर अड़ गई। महिला के टावर पर चढ़ते ही क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए।
सूचना मिलने पर कमलापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने काफी देर तक महिला से बातचीत कर उसे समझाने का प्रयास किया। लगभग एक घंटे तक चले हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस महिला को सुरक्षित नीचे उतारने में सफल रही।प्रभारी निरीक्षक इंदल चौधरी ने बताया कि महिला की शिकायत और पूरे मामले की जांच की जा रही है। दोनों पक्षों से पूछताछ कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल महिला सुरक्षित है और घटना के सभी पहलुओं की जांच जारी है।