महुली पुलिस ने चलाया सघन वाहन चेकिंग अभियान, यातायात नियमों के पालन के लिए किया जागरूक

घनश्याम त्रिपाठी
संतकबीरनगर संदेश महल पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीणा के निर्देश पर थाना महुली पुलिस ने क्षेत्र के प्रमुख चौराहों एवं सार्वजनिक स्थलों पर सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान दोपहिया और चारपहिया वाहनों की गहन जांच की गई तथा वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया गया।
पुलिस टीम ने वाहन चालकों को हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करने तथा नशे की हालत में वाहन न चलाने की सलाह दी। इसके अलावा ओवरलोडिंग, ट्रिपल राइडिंग और रॉन्ग साइड वाहन चलाने से बचने तथा लेन अनुशासन का पालन करने की अपील की गई।
अभियान के दौरान वाहन चालकों को आवश्यक दस्तावेज साथ रखने और ट्रैफिक संकेतों का पालन करने के प्रति भी जागरूक किया गया। पुलिस कर्मियों ने बताया कि अधिकांश सड़क दुर्घटनाएं तेज रफ्तार, लापरवाही और यातायात नियमों की अनदेखी के कारण होती हैं। यदि प्रत्येक नागरिक नियमों का पालन करे तो सड़क दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाई जा सकती है और अमूल्य मानव जीवन की रक्षा की जा सकती है।
महुली पुलिस ने आमजन से स्वयं यातायात नियमों का पालन करने के साथ ही अपने परिवार, मित्रों और परिचितों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने की अपील की। पुलिस ने कहा कि सुरक्षित यातायात केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक और सामाजिक दायित्व है। सभी के सहयोग से ही सुरक्षित, सुव्यवस्थित और जिम्मेदार यातायात व्यवस्था स्थापित की जा सकती है।