मिश्रिख में पुलिस प्रशासन रहा मुस्तैद, शिवभक्तों पर पुष्पवर्षा कर किया गया स्वागत

गौरव गुप्ता मिश्रिख सीतापुर संदेश महल
श्रावण मास के पावन अवसर पर रविवार को नैमिषारण्य स्थित देवदेवेश्वर गोमती घाट से जल भरकर कांवरियों का विशाल जत्था गाजे-बाजे और हर-हर महादेव के जयघोष के बीच सीतापुर स्थित श्री श्यामनाथ महादेव मंदिर के लिए रवाना हुआ। श्रद्धालु सोमवार को श्यामनाथ महादेव मंदिर पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे, जिसके साथ इस पावन कांवड़ यात्रा का समापन होगा।
यात्रा के दौरान पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। जगह-जगह स्थानीय लोगों एवं राहगीरों ने शिवभक्तों पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया। कांवड़ यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा।
नैमिषारण्य से चलकर जब कांवरियों का जत्था महर्षि दधीचि की तपोस्थली मिश्रिख पहुंचा, तब वहां भी श्रद्धालुओं का भव्य स्वागत किया गया। सुरक्षा व्यवस्था का नेतृत्व थाना प्रभारी (SHO) प्रदीप सिंह ने किया। उनके साथ पुलिसकर्मी संजीव कुमार राज, कोमल सिंह, रामबृज सिंह तथा महिला कांस्टेबल प्रांजुल तिवारी सहित पुलिस बल पूरे मार्ग पर सतर्कता के साथ तैनात रहा।
मिश्रिख में विभिन्न स्थानों पर शिवभक्तों का फूल-मालाओं एवं पुष्पवर्षा के साथ स्वागत किया गया। प्रशासन द्वारा की गई सुदृढ़ सुरक्षा व्यवस्था और श्रद्धालुओं के उत्साह ने कांवड़ यात्रा को श्रद्धा, आस्था और सौहार्द का प्रतीक बना दिया।