पिसावां (सीतापुर) | संदेश महल
पिसावां थाना क्षेत्र में रविवार सुबह सेना में भर्ती का सपना संजोए एक युवक की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। युवक प्रतिदिन की तरह सुबह दौड़ की प्रैक्टिस करने निकला था। इसी दौरान पिसावां-कुतुबनगर मार्ग पर पनहैया पुल के पास पीछे से आए एक अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
मृतक की पहचान 25 वर्षीय धीरेन्द्र सिंह पुत्र हतेन्द्र सिंह, निवासी ग्राम हुसैनपुर के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, धीरेन्द्र रविवार सुबह करीब पांच बजे कुतुबनगर से पिसावां की ओर दौड़ लगा रहा था। दुर्घटना की सूचना मिलने पर परिजन उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिसावां लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही पिसावां पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी प्रभात कुमार गुप्ता ने बताया कि अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है तथा मामले की जांच जारी है।
परिजनों ने बताया कि धीरेन्द्र दो भाइयों में बड़ा था। उसने हाल ही में होमगार्ड की परीक्षा उत्तीर्ण की थी और सेना में भर्ती की तैयारी के लिए प्रतिदिन कड़ी मेहनत करता था। वह बच्चों को ट्यूशन पढ़ाने के साथ-साथ अपने पिता के खेती-किसानी के कार्य में भी हाथ बंटाता था।
इस दर्दनाक हादसे से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं पूरे हुसैनपुर गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।