पिसावा (सीतापुर)। श्रावण मास के प्रथम सोमवार पर क्षेत्र के ग्राम मुल्लाभीरी स्थित नर्मदेश्वर महादेव मंदिर में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। सोमवार सुबह से ही हजारों शिवभक्त मंदिर पहुंचने लगे और भगवान शिव का गंगाजल से जलाभिषेक कर बेलपत्र, धतूरा, पुष्प एवं अन्य पूजन सामग्री अर्पित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।
मंदिर परिसर में दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के जयघोष से पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव से परिवार की सुख-समृद्धि एवं देश-प्रदेश की खुशहाली की कामना की।
बताया जाता है कि यह प्राचीन मंदिर श्री 108 महर्षि बाबा ज्ञान दास महाराज द्वारा स्थापित किया गया था। दूर-दराज़ क्षेत्रों से भी श्रद्धालु यहां दर्शन एवं जलाभिषेक के लिए पहुंचते हैं। विशेष रूप से श्रावण मास में इस मंदिर का धार्मिक महत्व और अधिक बढ़ जाता है।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए थाना पिसावा पुलिस द्वारा मंदिर परिसर एवं आसपास सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए। पुलिस बल पूरे समय मुस्तैद रहा, जिससे दर्शन-पूजन शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।