रेवदर/सिरोही। भटाना के निकट स्थित ग्राम मेंथीपुरा के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में वर्षों से विद्यालय भवन के अभाव में विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही थी। सरकारी बजट स्वीकृत नहीं होने और लंबे समय तक शिक्षा विभाग की अनदेखी के कारण विद्यार्थियों का भविष्य चिंता का विषय बना हुआ था।
इस समस्या को प्रमुखता से उठाते हुए 26 मार्च को संदेश महल तथा राजस्थान पत्रिका में “किराये के भवन में सिमटी पढ़ाई, बजट का इंतजार” शीर्षक से समाचार प्रकाशित किया गया, जिससे प्रशासन का ध्यान इस गंभीर समस्या की ओर आकर्षित हुआ।
इसके बाद रेवदर के उपखंड अधिकारी श्री राजन लोहिया ने व्यक्तिगत रुचि लेते हुए एक अनाम भामाशाह से संपर्क किया। उपखंड अधिकारी के निरंतर प्रयासों और संवेदनशील पहल से प्रेरित होकर भामाशाह ने लगभग 5.50 लाख रुपये की लागत से विद्यालय परिसर में विशाल शेड का निर्माण युद्धस्तर पर पूरा करवाया।
शेड बनने से अब विद्यालय के विद्यार्थियों को विशेष रूप से वर्षा ऋतु में पढ़ाई में किसी प्रकार की बाधा का सामना नहीं करना पड़ेगा। जब तक विद्यालय भवन का निर्माण नहीं हो जाता, तब तक विद्यालय का संचालन इसी शेड के नीचे सुचारु रूप से किया जाएगा।
विद्यालय परिवार, विद्यार्थियों तथा ग्रामवासियों ने इस पुनीत कार्य के लिए अनाम भामाशाह, उपखंड अधिकारी श्री राजन लोहिया तथा इस मुद्दे को लगातार प्रमुखता से उठाने वाले संदेश महल सिरोही का हृदय से आभार व्यक्त किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य चैन गिरी ने कहा कि यदि भविष्य में विद्यालय भवन के लिए बजट स्वीकृत हो जाता है तो यह क्षेत्र के लिए बड़ी सौगात होगी। तब तक यह शेड विद्यार्थियों के लिए सुरक्षित एवं सुविधाजनक शिक्षण व्यवस्था का आधार बना रहेगा।
प्रधानाचार्य चैन गिरी ने कहा, “मेंथीपुरा विद्यालय की समस्याओं को लगातार प्रकाशित कर सरकार और प्रशासन का ध्यान आकर्षित करने के लिए संदेश महल सिरोही का मैं हृदय से आभारी हूं। साथ ही रेवदर उपखंड अधिकारी श्री राजन लोहिया एवं अनाम भामाशाह का इस पुनीत कार्य के लिए जीवनभर ऋणी रहूंगा।”