ठाकुर प्रसाद/पिसावा (सीतापुर) संदेश महल। थाना पिसावा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत जिगनिया में एक युवक का शव पेड़ पर फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिगनिया निवासी सूरज (25) पुत्र राजेंद्र का शव गांव से करीब 100 मीटर की दूरी पर एक पेड़ से लटका मिला। ग्रामीणों की सूचना पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में ले लिया।
बताया जा रहा है कि घटना से कुछ समय पहले सूरज की अपनी पत्नी से किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पारिवारिक विवाद की आशंका को ध्यान में रखते हुए पुलिस विभिन्न पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही घटना के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।