धनंजय मिश्रा
सूरतगंज बाराबंकी संदेश महल
मोहम्मदपुर खाला थाना पुलिस ने चोरी की बड़ी वारदात का खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को दबोच लिया। आरोपियों के कब्जे से परचून की दुकान से चोरी किया गया भारी सामान और नकदी बरामद हुई है।
थाना प्रभारी ने बताया कि 15 सितंबर 2025 को दर्ज मुकदमा संख्या 488/2025 के आधार पर टीम ने बसंतपुरवा तिराहे पर दबिश देकर कुंदन उर्फ संदीप यादव व राजन कश्यप, निवासी मौसंडा (सूरतगंज) को गिरफ्तार किया।
बरामदगी चौंकाने वाली
आरोपियों के पास से 144 पैकेट पारले-जी बिस्किट, 144 पैकेट पारले क्रीम बिस्किट, 20 पैकेट राजहंस सोयाबीन तेल, एक टिन तेल, 30-30 किलो दाल, मटर व चने की बोरियां और 2060 रुपये नकद बरामद किए गए।
पूछताछ में हुआ खुलासा
थाना पुलिस के अनुसार, पकड़े गए चोरों ने स्वीकार किया कि चोरी का सारा सामान उन्होंने ग्राम सालपुर कोनी मजरे मसुरिहा की एक परचून दुकान से चुराया था। दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
स्थानीय लोगों ने जताई राहत
चोरी की वारदात के खुलासे से क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली। ग्रामीणों ने पुलिस टीम की तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर अब अंकुश लगेगा।