गोरखपुर संदेश महल समाचार
मुख्यमंत्री और गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ के जीवन पर आधारित फ़िल्म “अजेय: द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ ए योगी” शहर में रिलीज़ हो गई। फ़िल्म के प्रदर्शन को लेकर गोरखपुरवासियों में खासा उत्साह देखने को मिला। लोगों का कहना है कि यह फ़िल्म उन्हें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जीवन यात्रा को करीब से समझने का अवसर देती है।
फ़िल्म में मुख्यमंत्री के बचपन, शिक्षा, आध्यात्मिक जीवन और राजनीतिक संघर्षों को मार्मिक ढंग से प्रस्तुत किया गया है। दर्शकों के अनुसार, फ़िल्म न केवल युवाओं को प्रेरित करेगी, बल्कि गोरखपुर का नाम देश और विदेश में भी उजागर करेगी।
यह फ़िल्म शांतनु गुप्ता की किताब “द मॉन्क हू बिकेम चीफ मिनिस्टर” पर आधारित है। अभिनेता अनंत जोशी ने इसमें योगी आदित्यनाथ की भूमिका निभाई है। फ़िल्म में उनकी जीवन यात्रा, कठिनाइयों से जुझने की कहानी और आध्यात्मिक मूल्यों का सुंदर चित्रण किया गया है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह फ़िल्म जनता को राष्ट्र सेवा, समर्पण और कठिनाइयों से लड़ने की प्रेरणा देती है।
योगी आदित्यनाथ न केवल गोरक्षपीठाधीश्वर हैं, बल्कि लगातार पांच बार गोरखपुर से सांसद भी रह चुके हैं। वर्ष 2017 में उन्होंने पहली बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री का पद संभाला और 2022 में गोरखपुर शहर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव जीतकर दोबारा मुख्यमंत्री बने।
फ़िल्म में उनके संघर्ष, जीवन मूल्यों और राजनीतिक जीवन के महत्वपूर्ण पहलुओं को दर्शाया गया है। दर्शक इसे देखकर न केवल प्रेरित महसूस कर रहे हैं, बल्कि मुख्यमंत्री की जीवन यात्रा के विभिन्न पहलुओं से भी रूबरू हो रहे हैं।
गोरखपुर के सिनेमा हालों में फ़िल्म देखने के लिए दर्शकों की भीड़ उमड़ी हुई है। लोग इसे केवल एक बायोपिक के रूप में नहीं बल्कि एक प्रेरक कहानी के रूप में देख रहे हैं, जो युवाओं और सभी आयु वर्ग के लिए सीख और मार्गदर्शन का स्रोत है।