जीएसटी 2.0 आम जनता के लिए दीपावली तोहफा, जरूरी वस्तुओं पर टैक्स शून्य

महराजगंज संदेश महल समाचार
केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने महराजगंज जिला मुख्यालय स्थित अपने कैंप कार्यालय में प्रेस वार्ता कर सरकार के नए कर सुधारों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को इस दीपावली बड़ा तोहफा दिया है।

पंकज चौधरी ने कहा कि जीएसटी 2.0 नेक्स्ट जनरेशन रिफॉर्म आम जनता को राहत देने वाला कदम है। इसके तहत दैनिक उपयोग की वस्तुओं को 5 प्रतिशत टैक्स स्लैब में रखा गया है, जबकि कई आवश्यक वस्तुओं पर जीएसटी पूरी तरह समाप्त कर दी गई है।

उन्होंने यह भी बताया कि शिक्षा, स्वास्थ्य और कृषि क्षेत्र को इस सुधार से बड़ा लाभ मिलेगा। खासकर कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों से जुड़ी 33 जीवन रक्षक दवाओं पर टैक्स शून्य कर दिया गया है। किसानों को कृषि से जुड़ी वस्तुओं पर भी राहत दी गई है।

साथ ही, छोटे और मध्यम व्यापारियों के लिए जीएसटी प्रक्रिया को और सरल बनाया गया है। मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का उद्देश्य है कि गरीब और मध्यम वर्ग पर कर का बोझ कम हो और उन्हें सीधा लाभ मिले।