अलीगढ़ से फर्जीवाड़े का बड़ा खुलासा, 597 फर्जी जन्म प्रमाण पत्र बनाने वाला गैंग गिरफ्तार

अलीगढ़ संदेश महल समाचार
थाना पालीमुकीमपुर क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली पंचायत दताचोली के सचिव की सरकारी आईडी हैक कर जन्म प्रमाण पत्र बनाने वाले गैंग का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। इस गैंग ने 16 राज्यों के 50 से ज्यादा जिलों में कुल 597 फर्जी जन्म प्रमाण पत्र तैयार किए थे। पुलिस ने इस मामले में 6 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है।

जांच में सामने आया कि इन आरोपियों ने ग्राम प्रधान सचिव की सीआरएस पोर्टल आईडी हैक कर जन्म प्रमाण पत्र तैयार किए और उन्हें अवैध तरीके से इस्तेमाल करने का प्रयास किया।

पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों के पास से 5 लैपटॉप, 13 मोबाइल फोन, 976 फर्जी जन्म प्रमाण पत्र, 5 आधार कार्ड और 1 पैन कार्ड बरामद किया है। गिरफ्तार अभियुक्त अलीगढ़, बदायूं, लखनऊ और उन्नाव के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

इस मामले पर एसपी ग्रामीण अमृत जैन ने बताया कि पुलिस ने साइबर फ्रॉड से जुड़े इस बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। आरोपियों से पूछताछ जारी है और अन्य जिलों व राज्यों में इनके कनेक्शन की भी जांच की जा रही है।