लखनऊ संदेश महल समाचार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दीपावली के अवसर पर देशवासियों को बड़ा तोहफ़ा देते हुए जीएसटी रिफॉर्म की घोषणा की है। इस सुधार के तहत दूध, दही, घी, पनीर और छात्रों की पढ़ाई से जुड़ी सामग्री जैसी आवश्यक वस्तुएं सस्ती हो गई हैं। वहीं शराब और नशे से जुड़ी वस्तुओं पर भारी टैक्स लगाया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को इसे गरीबों और मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए राहतकारी कदम बताते हुए कहा कि जीएसटी सुधार से हर व्यक्ति की क्रय-शक्ति बढ़ेगी, बाज़ार को मजबूती मिलेगी और रोजगार के अवसर पैदा होंगे।
नमो युवा रन और मैराथन का शुभारंभ
मुख्यमंत्री योगी ने अपने आवास से नमो युवा रन और नमो मैराथन का शुभारंभ किया। यह मैराथन कालिदास मार्ग से शुरू होकर 1090 चौराहे तक निकली। इस दौरान युवाओं में जोश भरते हुए सीएम ने भारत माता की जय के नारों के साथ नशामुक्त भारत का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि यदि युवा शक्ति सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ेगी तो राष्ट्र गौरव प्राप्त करेगा, लेकिन यदि नशे की ओर मुड़ेगी तो पतन निश्चित है।
युवाओं और उपभोक्ताओं को राहत
सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा किए गए सुधारों से युवाओं के सपनों को नई उड़ान मिलेगी। बाइक, कार, घर और निर्माण सामग्री जैसे स्टील व सीमेंट पर कर राहत दी गई है। इससे न केवल युवाओं को अपना भविष्य संवारने में आसानी होगी बल्कि उद्योग और व्यापार जगत को भी बढ़ावा मिलेगा। योगी ने कहा कि आत्मनिर्भरता ही विकसित भारत की कुंजी है और यह सुधार उसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
सेवा पखवाड़ा में भागीदारी
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सेवा पखवाड़ा का भी उल्लेख किया, जो प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर से लेकर 2 अक्टूबर तक पूरे देश में मनाया जा रहा है। इसकी थीम “स्वस्थ नारी, सशक्त समाज” रखी गई है। अभियान के तहत भाजपा कार्यकर्ता पूरे प्रदेश में रक्तदान शिविर, स्वच्छता अभियान और स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर रहे हैं। योगी ने कहा कि यह पहल समाज को नई ऊर्जा और दिशा देने में मददगार साबित हो रही है।
विजयदशमी पर बुराई का अंत
सीएम योगी ने कहा कि इस बार संयोग से 2 अक्टूबर को गांधी जयंती और विजयदशमी दोनों ही पर्व एक साथ पड़ रहे हैं। इस अवसर पर प्रदेश के हर गांव, हर कस्बे और हर जिले में भ्रष्टाचार, अन्याय और नशे का पुतला जलाकर बुराइयों के अंत का संदेश दिया जाएगा। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अनुशासन और शालीनता के साथ समाज को बदलने में अपनी भूमिका निभाएं।
नेताओं की मौजूदगी
नमो युवा रन और जीएसटी रिफॉर्म की जानकारी साझा करने के दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, खेल मंत्री गिरीश चंद्र यादव, मेयर सुषमा खर्कवाल, विधायक योगेश शुक्ला, डॉ. नीरज बोरा और अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।