गौरव गुप्ता
सीतापुर संदेश महल
विकासखंड मछरेहटा के गेंधारिया पट्टी गांव में सोमवार सुबह एक तेंदुए ने फिर से दहशत फैला दी। गांव निवासी मनोज सिंह के बेटे रुद्राक्ष सिंह पर तेंदुए ने अचानक झपटने की कोशिश की। गनीमत रही कि बच्चे की चीख सुनकर मौके पर मौजूद वन विभाग कर्मी और ग्रामीण समय रहते दौड़ पड़े, जिससे तेंदुआ बच्चे को छोड़कर भाग निकला।
हालांकि, तेंदुआ पास ही घास चर रही एक बकरी पर टूट पड़ा और उसकी गर्दन दबोच ली। लेकिन ग्रामीणों के शोर मचाने पर वह बकरी को भी छोड़कर भाग गया। लगातार हो रही तेंदुए की गतिविधियों से गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है।
ग्रामीणों ने बताया कि घटना के चार घंटे बीत जाने के बावजूद कोई वरिष्ठ वन अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा, जिससे लोगों में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने वन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए गांव के पास तुरंत पिंजरा लगाए जाने की मांग की है, ताकि तेंदुए को पकड़ा जा सके और भविष्य में किसी जनहानि की आशंका न रहे।
वन दरोगा ऋषभ सिंह ने बताया कि विभाग को घटना की जानकारी मिल गई है और शीघ्र ही पिंजरा लगाकर तेंदुए को पकड़ने की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि उनकी सुरक्षा प्राथमिकता में है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि वन विभाग समय पर कार्रवाई नहीं करता है, तो वे उग्र प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।