अभय सिंह बने सीतापुर जिलाध्यक्ष, सुरेश कुमार गौतम को मिली जिला उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी

महमूदाबाद (सीतापुर) संदेश महल समाचार

ग्राम पंचायत सदस्य महासभा उत्तर प्रदेश ने संगठन विस्तार के तहत नई जिम्मेदारियों की घोषणा की है। महासभा के मुख्य संगठन मंत्री ध्रुव कुमार सिंह ने महमूदाबाद स्थित क्षेत्रीय कार्यालय में आयोजित बैठक के दौरान अभय सिंह को सीतापुर का जिलाध्यक्ष तथा रामपुर मथुरा के ब्लॉक संयोजक सुरेश कुमार गौतम को जिला उपाध्यक्ष मनोनीत किया।
बैठक को संबोधित करते हुए ध्रुव कुमार सिंह ने कहा कि ग्राम पंचायत सदस्य ग्रामीण विकास की आधारशिला हैं और गांवों के सर्वांगीण विकास में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने संगठन को मजबूत बनाने और पंचायत प्रतिनिधियों को उनके अधिकारों व दायित्वों के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया।
नवमनोनीत पदाधिकारियों के नामों की घोषणा होते ही कार्यकर्ताओं ने माल्यार्पण कर उनका स्वागत किया। इस अवसर पर अभय सिंह और सुरेश कुमार गौतम ने संगठन की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने तथा पंचायत सदस्यों के हितों के लिए सक्रिय रूप से कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया।
जिला प्रभारी लवकुश वर्मा ने कहा कि नई टीम के गठन से जिले में संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी और सदस्यता अभियान को गति मिलेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि दोनों पदाधिकारी संगठन को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
कार्यक्रम में जिला महासचिव अशोक कुमार, विधि प्रकोष्ठ अध्यक्ष रूपेश कुमार, मीडिया प्रभारी पंकज सिंह, जय नारायण, प्रियांशु, शिवम वर्मा, सुशील कुमार सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
अभय सिंह और सुरेश कुमार गौतम की नियुक्ति पर प्रदेश सलाहकार चैतन्य सिंह, प्रदेश महामंत्री जय नारायण पटवा तथा प्रदेश मीडिया प्रभारी दीपक सिंह सरल ने शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की।